गोंडा। कोरोना काल व पिछले पांच सालों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवा व मेडिकल उपकरणों की खरीद फरोख्त में करोड़ों के घोटाले की जांच तेज हो गई है। मामले की जांच कर रहे उप्र सतर्कता अधिष्ठान, अयोध्या के एसपी ने पूर्व सीएमओ के सेवानिवृत्त होने तक का वेतन विवरण व सेवा पुस्तिका की छापा प्रति तलब किया है। इससे पूर्व गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती के सीएमओ से खरीद संबंधी अभिलेख तलब किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2017 से लेकर 2021 तक खरीदी दवाओं व मेडिकल उपकरणों के सरकारी दर व खरीद की दर में अंतर मिला था। अधिकारियों व आपूर्तिकर्ता फर्म संचालकों की साठगांठ से करोड़ों का घपला किए जाने का आरोप लगा था। मामले की जांच कर रहे सतर्कता अधिष्ठान अयोध्या के एसपी ने सोमवार शाम सीएमओ को पत्र लिखकर पूर्व सीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव का वर्ष 2004 से सेवानिवृत्त होने का वेतन विवरण माहवार कटौती सहित व सर्विस पुस्तिका की छापा प्रति तलब की है। इससे पूर्व देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले के सीएमओ से वित्तीय वर्ष 2017-18, 2018-19 में हुई खरीदारी के अभिलेख भी मांगे हैं।
खरीदारी की मांगी गई फाइल
बहराइच जिले के निवासी एक पूर्व विधायक व बहराइच के तत्कालीन सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह, गोंडा के तत्कालीन सीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव की भूमिका की जांच तेज हो गई है। इससे पूर्व जांच अधिकारी सीएमओ से संबंधित वित्तीय वर्ष में क्रय की गई दवा का नाम, आवंटित बजट, क्रय की प्रक्रिया, बिल संख्या, अनुरक्षण मद से कराए गए कार्यों के अभिलेख देने को कहा है। इसके साथ ही वाहनों के संचालन, आयुष्मान भारत योजना, सभी राष्ट्रीय कार्यक्रम, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, टीकाकरण कार्यक्रम, छपाई कार्यक्रम, मेडिकल उपकरण का विवरण मांग चुके हैं। साथ ही छह वर्ष की अवधि में आरपी कांस्ट्रक्शन कंपनी के माध्यम से कराए कार्य के रिकार्ड पहले भी मांगे जा चुके हैं। पंचायत उद्योग से खरीदारी के अतिरिक्त बीएस इंटर प्राइजेज, यश मेडिकल एजेंसी से हुई खरीद की भी फाइल मांगी गई है।
जांच में पूरा सहयोग
उप्र सतर्कता अधिष्ठान अयोध्या के एसपी की ओर से पत्रावली मांगी गई है। उसे दिया जाएगा, मामले की जांच में पूरा सहयोग करेंगे। डॉ. रश्मि वर्मा, सीएमओ