गोंडा। यूपी मेडिकल सप्लाइज कार्पोरेेशन की ओर से दी जाने वाली दवाएं एक फिर सवालों के घेरे में आ गई। दो माह पहले दर्द निवारक दवा एक्लोफिनेट का सैंपल फेल होने के बाद, अब एंटीबायोटिक इंजेक्शन एमोक्सिसिलिन का नमूना फेल हो गया है। इसके बाद सभी अस्पतालों में इस इंजेक्शन को अस्पतालों में दिए जाने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जिस बैच नंबर के इंजेक्शन का नमूूना फेल हुआ है, उसकी आपूर्ति जिले के ड्रग वेयर हाउस में नहीं हुई है।
अमृतसर की एएनजी लाइफ साइंस इंडिया लिमिटेड की ओर एमोक्सिसिलिन इंजेक्शन की आपूर्ति की गई। उसमें बैच नंबर एबी 192054 के इंजेक्शन प्रयोगशाला की जांच में मानकों पर खरे नहीं पाए गए हैं। जिला ड्रग वेयर हाउस से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि एमोक्सिसिलिन इंजेक्शन का जो बैच जांच में फेल हुआ है, उसकी सप्लाई जिले में नहीं हुई थी। जिले में एमोक्सिसिलिन इंजेक्शन के दो अलग बैच की सप्लाई हुई थी, जो मानक के अनुरूप पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि एंटीबायोटिक इंजेक्शन का जो बैच नंबर फेल हुआ था, उसकी सप्लाई जिले में नहीं हुई।