बभनान (गोंडा)। आरपी किसान इंटर कॉलेज मंडफ में आयोजित 25वीं चंद्रभान सिंह स्मारक महिला व पुरुष प्रांतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को फाइनल का मुकाबला हुआ। इसमें महिला वर्ग में गोरखपुर व पुरुष वर्ग में गोंडा की टीम विजयी रही।
महिला वर्ग की प्रांतीय स्तर की टीमों के बीच बृहस्पतिवार को खेले गए पहले सेमी फाइनल मुकाबले में सिद्धार्थनगर ने लखनऊ की टीम को 25-18, 25-21 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमी फाइनल मुकाबले में गोरखपुर की टीम ने प्रयागराज को 25-20, 25-22 से पराजित कर फाइनल का सफर तय किया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला सिद्धार्थनगर व गोरखपुर के बीच खेला गया। इसमें गोरखपुर की टीम ने सिद्धार्थनगर को 25-12 व 25-18 से पराजित कर दिया।
प्रांतीय स्तर के पुरुष वर्ग के सेमी फाइल मुकाबले में गगहा ने देवरिया को 25-22 व 25-18 से पराजित कर फाइनल का सफर तय किया। दूसरा सेमी फाइनल मुकाबला गोंडा व आई पीपी देवरिया के बीच खेला गया, जिसमें गोंडा की टीम ने आईपीपी देवरिया को रोमांचक मुकाबले में 21-17 व 22-20 से पराजित कर फाइनल में जगह बना ली।
फाइनल मुकाबला गोंडा व गगहा गोरखपुर के बीच खेला गया। जिसमें गोंडा की टीम ने गगहा को 25-15 व 25-21 से पराजित कर फाइनल मुकाबला जीत लिया।
मुख्य अतिथि एमएलसी अवधेश कुमार सिंह मंजू, बृजेश प्रताप नारायण सिंह, बाबूराम यादव, अजीत पांडेय व जितेंद्र प्रताप नारायण सिंह ने विजेता टीम को ट्राॅफी देकर सम्मानित किया। मैच रेफरी शमसुद्दीन खान और संकटा सिंह रहे। इस दौरान ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि श्रीश पांडेय, सोनू पांडेय, आनंद सिंह, विशाल तिवारी, जगदीश पटेल, अनंत कृष्ण पांडेय सहित तमाम लोग मौजूद रहे।