गोंडा। जिले के दूर दराज गांवों व कस्बों में रहने वाले लोगों को अब जरूरी जांचों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शासन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ही हेल्थ एटीएम लगाने का खाका तैयार किया गया है। जिससे मरीजों को जरूरी जांच के लिए पैथोलॉजी सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एटीएम लगाकर मरीजों की 59 प्रकार की जांचें सरकारी दर पर करवाई जाएंगी। मरीज अपना सैंपल देकर 10 मिनट में जांच रिपोर्ट पा सकेंगे। यहीं नहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श तथा दवाओं का पर्चा ऑनलाइन बनवा सकेंगे।
सरकारी दर पर मिलेगी सुविधा
हेल्थ एटीएम से शरीर की स्क्रीनिंग ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, बॉडी मास इंडेक्स, मेटाबॉलिक एज, बॉडी फेट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेट आदि के अतिरिक्त ग्लूकोज, हिमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, डेंगू, चिकनगुनिया, यूरिन टेस्ट, गर्भावस्था जांच, टायफाइड, एचआईवी, ईसीजी, टीएलसी, डीएलसी समेत 59 प्रकार की जांच सुविधा मिलेगी। मरीजों की सुविधा के लिए सीएचसी पर अलग केबिन बनाया जाएगा। इसमें मरीज के बैठने व जांच कराने के लिए सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए दो पैरा मेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा।
जन सहयोग से लगेंगे हेल्थ एटीएम
हेल्थ एटीएम के लिए अभी शासन स्तर से अलग से बजट जारी नहीं हुआ है। सरकारी बजट न मिलने की वजह से सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि, सांसद निधि व विधायक निधि आदि माध्यमों से हेल्थ एटीएम लगेंगे। हालांकि अभी तक किसी जन प्रतिनिधि या स्वयंसेवी संस्था की ओर से हेल्थ एटीएम के सहयोग नहीं मिल पाया है।
हेल्थ एटीएम से दी जाएंगी सेवाएं
शासन के निर्देश पर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एटीएम बनाए जाने हैं, लेकिन अभी तक कोई बजट नहीं मिल पाया और न ही किसी जनप्रतिनिधि या स्वयंसेवी संस्था की ओर से सहयोग किया गया है। जैसे ही बजट की व्यवस्था हो जाएगी। हेल्थ एटीएम लगाकर मरीजों को जांच की सेवाएं दी जाएगी। अमरनाथ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम