गोंडा। तरबगंज तहसील के करनीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण पूरा हो गया है। नए सत्र से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। जबकि मनकापुर के गौरा में बन रहे राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण भी पूरा हो जाएगा। वहीं, करनैलगंज में भूमि विवाद से निर्माण शुरू ही नहीं हो सका है। बता दें कि शासन ने जिले के तीन राजकीय इंटर कॉलेजों के लिए नौ करोड़ रुपये का बजट दिया था।
साल 2018 से राजकीय इंटर कॉलेजों के निर्माण की कवायद हो रही थी। इसकी स्वीकृति विस चुनाव 2022 से पहले हो गया था। एक राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण पर तीन करोड़ रुपये का बजट खर्च होना है। जिसमें तरबगंज के करनीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण सबसे पहले पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से गरीब छात्रों को महंगी शिक्षा से मुक्ति मिलेगी। प्रयोगशाला के साथ हाईटेक शिक्षा की सुविधा हासिल होगी। जिले में सिर्फ तीन राजकीय इंटर कॉलेज ही थे। करनीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज के साथ ही मनकापुर तहसील के गौरा में राजकीय इंटर कॉलेज भी पूरा हो रहा है। दो और राजकीय इंटर कॉलेज जिले में हो जाएंगे।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के पटल सहायक अविनाश शुक्ल ने बताया कि गौरा राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण की जिला समिति की जांच कर रही है। रिपोर्ट के बाद उसे नए सत्र से संचालित करने की कार्रवाई की जाएगी। करनैलगंज में कॉलेज के निर्माण के बारे में शासन को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है, वहां से निर्देश मिलने पर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
भवनियापुर में संचालन शुरू
सरकारी कॉलेजों के निर्माण से जिले में शैक्षिक व्यवस्था में सुधार हो रहा है। दो राजकीय इंटर कॉलेजों के साथ ही साल 2008 से निर्माणाधीन राजकीय डिग्री कॉलेज भवनियापुर का संचालन भी अब शुरू हो चुका है। पहले सत्र की पढ़ाई हो रही है।
मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय के लिए कवायद
जिले में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण हो चुका है। इसके संचालन की तैयारी हो रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण छावनी सरकार में तेजी से हो रहा है। राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण की सैद्धांतिक सहमति के बाद भूमि का प्रबंध भी हो चुका है। करनैलगंज तहसील के डोमाकल्पी गांव में सौ एकड़ भूमि तय है, जिसकी उच्च शिक्षा विभाग की टीम ने जांच भी कर लिया है। इसके लिए बजट जारी होना है। शासन स्तर पर मंथन हो रहा है।
बेहतर शिक्षा की कोशिश
राजकीय इंटर कॉलेज, करनीपुर का निर्माण पूरा हो चुका है। अन्य शैक्षिक संस्थानों का निर्माण भी पूरा कराने का प्रयास हो रहा है। छात्रों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास हो रहा है। राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक