अवध की सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए गोनर्द की भूमि पर बुधवार से गोंडा महोत्सव का आगाज सद्भावना रैली से होगा। इसमें विभिन्न धर्मों के अनुयायी, जन संगठनों, छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न सांस्कृतिक संगठनों के हजारों लोग एक साथ शामिल होकर इस पांच दिवसीय महोत्सव को परवान चढ़ाएंगे। पूरे शहर में गोंडा गौरव गीत की मधुर ध्वनि के साथ निकलने वाली रैली के माध्यम से समृद्ध एवं गौरव भरे गोंडा के विभिन्न पहलुओं को उकेरने का प्रयास होगा। इसके लिए मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय कर दिया गया है।
गोंडा महोत्सव कोर समिति के अध्यक्ष डीएम अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित होने जा रहा गोंडा महोत्सव इस बार अपने आप में बहुत कुछ संजोए हुए है। गंगा जमुनी तहजीब के इस जिले में यह महोत्सव विकास का पायदान साबित होगा।
नगर के बीचोबीच शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज मैदान में यह महोत्सव आयोजित हो रहा है। महोत्सव के लिए एक भव्य पंडाल सजाया गया है।
महिला व पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। अतिथियों, किसानों व अन्य लोगों के लिए अलग-अलग पंडाल लगाए गए हैं। कृषि विभाग की ओर से कई स्टाल लगाए गए हैं।
कई विभागों, निजी संस्थानों के स्टाल भी लगाए गए हैं। यहां बच्चों के खेलने के लिए भरपूर मनोरंजन के साधन मुहैया कराए गए हैं। दुकानदारी के लिए भी एक ही स्थान पर व्यवस्था की गई है।
खेल, मनोरंजन, कृषि, शिक्षा, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक धरोहरों को संजोने के लिए विभिन्न कार्यक्रम तय किए गए हैं।
गोंडा महोत्सव में पहले दिन होंगे ये कार्यक्रम
- दोपहर 1.00 बजे महोत्सव का शुभारंभ, वंदना व स्वागत गीत नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा।
-1.45 बजे हॉकी ग्राउंड पर नवोदय विद्यालय के बच्चों द्वारा जूडो प्रतियोगिता।
-2.00 राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता।
-2.30 बजे अमृतसर से आए कलाकारों द्वारा गतका का प्रदर्शन।
-3.00 से सायं 5.00 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन।
-5.10 बजे रस्साकस।
-5.30 बजे धनुर्विद्या का प्रदर्शन।
-5.45 बजे केरला नृत्य का आयोजन।
-6.00 बजे रिखीराम का लोकनृत्य।
-7.30 बजे शाम को अवधी लोकगायन शिवपूजन शुक्ल द्वारा।
-8.00 बजे उर्मिला पांडेय एंड पार्टी द्वारा फोस संगीत का आयोजन।
-9.00 रात लिटिल चैंप तन्मय चतुर्वेदी व फरहा नाज का गायन।