खरगूपुर (गोंडा)। दुष्कर्म के मामले में झोलाछाप पर कार्रवाई के बाद उपमुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को सीएचसी अधीक्षक ने बिना डिग्री और रजिस्ट्रेशन के क्षेत्र में चल रहे फर्जी क्लीनिकों के चिकित्सकों पर कार्रवाई के लिए टीम गठित की है। डिग्री व लाइसेंस न उपलब्ध कराने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
खरगूपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. अजय कुमार यादव ने बताया कि उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. टीपी जायसवाल के निर्देश पर बिना डिग्री व रजिस्ट्रेशन के क्लीनिक तथा मेडिकल स्टोर का संचालन करने वालों पर कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई है। हाल ही में विशुनापुर बाजार में झोलाछाप का उपचार के दौरान क्लीनिक में महिला से दुष्कर्म किये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिस पर झोलाछाप की क्लीनिक व मेडिकल स्टोर को सीज कर उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय यादव ने बताया कि उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. टीपी जायसवाल के निर्देश पर फार्मासिस्ट कुलदीप त्रिपाठी की अगुवाई में टीम गठित की गई है। टीम सीएचसी क्षेत्र में क्लीनिक व मेडिकल स्टोर का संचालन करने वाले लोगों के यहां जाएगी। जहां क्लीनिक व मेडिकल स्टोर पर डॉक्टर की डिग्री व लाइसेंस न मिलने पर उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।