गोंडा। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवीन रैंकिंग में देवीपाटन मंडल के जिलों का मिला-जुला प्रदर्शन सामने आया है। विकास कार्यों की रैंकिंग में गोंडा और बलरामपुर की स्थिति सबसे कमजोर रही, जबकि राजस्व कार्यों में श्रावस्ती ने मंडल ही नहीं, प्रदेश स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
जारी रैंकिंग के अनुसार विकास कार्यों में श्रावस्ती जिला मंडल में सबसे बेहतर प्रदर्शन के साथ प्रदेश में 33वें स्थान पर रहा। बहराइच को 41वां स्थान मिला। गोंडा 67वें और बलरामपुर 74वें स्थान पर पहुंच गया, जिससे दोनों जिलों की विकास संबंधी प्रगति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजस्व कार्यों की रैंकिंग में श्रावस्ती ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर मंडल का मान बढ़ाया है। गोंडा प्रदेश में 26वें स्थान के साथ मंडल में दूसरे नंबर पर रहा। बहराइच को 36वां और बलरामपुर को 67वां स्थान मिला है।
सीडीओ दयानंद प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग का विस्तृत विश्लेषण कराया जाएगा। जिन क्षेत्रों में प्रदर्शन कमजोर रहा है, वहां विशेष ध्यान देकर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे ताकि आगामी रैंकिंग में जिले की स्थिति बेहतर हो सके।