नव निर्मित रेल लाइन गोंडा-बढ़नी पर अब ट्रेनों के संचालन की तैयारी है। सूत्रों की मानें तो पहले नवंबर में पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होगा, बाद मेें एक्सप्रेस ट्रेनें चलेंगी।
नव निर्मित गोंडा-बढ़नी रेलखंड पर सीआरएस (मुख्य संरक्षा आयुक्त) का निरीक्षण होने के बाद सीआरएस ने रेलवे बोर्ड को रिपोर्ट दे दी है।
सूत्रों की मानें तो सीआरएस ने रिपोर्ट में लाइन को फिट करार देते हुए सिर्फ पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की अनुमति दे दी है। रेलवे बोर्ड ने सीआरएस की रिपोर्ट के मुताबिक नवंबर के प्रथम सप्ताह में ट्रेन संचालन की तैयारी शुरू कर दी है।
माना जा रहा है कि पहले पैसेंजर ट्रेनें चलेंगी, जिसकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। बढ़नी से गोंडा के बीच छह पैसेंजर ट्रेनें (डेमो) चलाई जाएंगी।
इसके सफल संचालन के बाद एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि ट्रेनों के संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
रेलवे बोर्ड से नवंबर के प्रथम सप्ताह में किसी भी दिन संचालन शुरू होने की संभावना है।