विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी जोर दिया जाए, जिससे छात्र-छात्राओं का तन व मन स्वस्थ रहे। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में खेल की प्रतिभा तराशी जाए। यह बातें शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में व्यायाम शिक्षकों की बैठक में संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक उदय राज ने कहीं।
जिले भर के इंटर कॉलेजों व हाई स्कूलों के व्यायाम शिक्षकों व क्रीड़ा अध्यापकों की बैठक लेते हुए लेते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा उदयराज ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री की मंशा है कि विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेल सहित अन्य स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां भी शुरू की जाएं।
इसके लिए व्यायाम शिक्षक अभी से जुट जाएं, बजट की व्यवस्था कर दी गई है। माध्यमिक शिक्षक संघ के गोंडा जिला मंत्री विनय कुमार शुक्ल ने कहा कि मंडल व जिले का नाम तभी रोशन होगा, जब वित्त विहीन विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक श्रावस्ती, बहराइच सहित अन्य जिलों के शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी व जिले भर के स्कूलों से आए व्यायाम शिक्षक व क्रीड़ा अधिकारी मौजूद रहे।