गोंडा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते पूर्वोत्तर रेलवे के महा प्रबंधक उदय बोरवणकर व अन्य। स्रोत:
गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शुक्रवार को गोरखपुर-आनंदनगर-बढ़नी-गोंडा रेलखंड के मध्य विंडो निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रही विकासपरक परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं संबंधित कार्याें का भी मुआयना किया। गोंडा के सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण कर जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
आनंदनगर, बढ़नी-बलरामपुर एवं गोंडा स्टेशन पहुंचने पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन भवन के सुंदरीकरण, रेल परिसर, यात्री सुविधाओं और विस्तार कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बढ़नी स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और मालभाड़ा परिवहन की प्रगति की भी जानकारी ली। इसके बाद तुलसीपुर स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, पैनल रुम, स्टेशन वर्किंग रूल, रिले रूम, पॉइंट एवं क्राॅसिंग तथा अमृत भारत योजना के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
तुलसीपुर-बलरामपुर के मध्य ब्रिज का भी निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने गोंडा स्थित मनोरंजन केंद्र में चल रहे जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण कार्यों का निरीक्षण कर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि कर्मचारी कल्याण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) गौरव गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/प्रथम दीपक कुमार, आशुतोष गुप्ता, प्रसन्न कात्यायन, वैभव श्रीवास्तव, डाॅ. शिल्पी कन्नौजिया, मनीष गंगवार, धनंजय मिश्रा, विजय आनंद वर्मा, आईसी सुभाष व अजय कुमार सुमन सहित अधिकारी मौजूद रहे।