गोंडा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के सेल्हरी गांव की रहने वाली युवती की मौत तालाब में डूबने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। युवती का शव बृहस्पतिवार सुबह अहिरन पुरवा के पास स्थित तालाब में उतराता मिला था। बुधवार रात ही गांव का एक युवक उसके घर में घुसा था, जिसे परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। युवती के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर युवक को अदालत के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव का रामबाबू उनकी बेटी को फोन कर अकेले में मिलने के लिए दबाव बनाता था। दो अक्तूबर की देर रात जब रामबाबू दीवार फांदकर उनके घर में घुसा तो आहट पाकर परिजनों की नींद खुल गई। रामबाबू को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इस घटना से क्षुब्ध होकर उनकी बेटी ने गांव के पास मस्तानशाह कुड़वा तालाब में कूदकर जान दे दी। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। बताया कि आरोपी रामबाबू को अदालत के समक्ष पेश किया गया था। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।