गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे ने बुधवार को शहर के मिश्रौलिया ओवरब्रिज पर गर्डर बिछाने का कार्य पूरा कर लिया। रेलवे ने अपने हिस्से के बचे हुए काम को लेकर कई दिनों से ब्लॉक लिया था। शाम को काम पूरा होने पर रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। एक सप्ताह के भीतर रेलवे की तरफ से इस पुल पर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आवागमन में राहत मिलेगी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन एवं पूर्वोत्तर रेलवे के ब्रिज विभाग की ओर से संयुक्त रूप से जिले में कई रेल मार्ग पर ऊपरिगामी पुल बनाए जा रहे हैं। इसमें शहर के महादेवा रेलवे क्रॉसिंग, बहराइच रोड पर मिश्रौलिया रेलवे क्रॉसिंग एवं उतरौला रोड पर स्थित सोनी गुमटी के पास रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
इसमें से बहराइच रोड पर मिश्रौलिया पुलिस चौकी के पास स्थित स्पेशल समपार फाटक संख्या 262 पर रेलवे विभाग ने अपने परिधि का निर्माण एक दिसंबर से शुरू किया था। बुधवार शाम को 5:30 बजे आठ गर्डर बिछाकर कार्य पूरा कर लिया गया। इसकी निगरानी पूर्वोत्तर रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर ब्रिज (निर्माण) आनंद वर्धन एवं अधिशासी अभियंता शिवशरण राम कर रहे थे।
अधिशासी अभियंता शिवशरण राम ने बताया कि पुल पर पांच करोड़ 20 लाख की लागत से आठ गर्डर बिछाए गए हैं। इनमें से चार गर्डर को चार दिन पहले बिछा लिया गया था।
शेष चार गर्डर को बुधवार को शाम 5:30 बजे तक बिछाकर कार्य पूरा कर लिया गया। कुछ कार्य शेष है। जिसे एक सप्ताह में पूरा करा दिया जाएगा। बताया कि जल्द ही उतरौला रोड पर सोनी गुमटी पर बन रहे ओवरब्रिज पर भी काम शुरू किया जाएगा।