गोंडा। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले कोठारी बंधुओं की स्मृति में अयोध्या से सटे महेशपुर में शौर्य भवन का निर्माण कराया जाएगा। जिले की तरबगंज तहसील और नवाबगंज थाना क्षेत्र में महेशपुर ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे भूमि भी चिह्नित कर ली गई है।
200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस शौर्य भवन के लिए एक लाख वर्ग फीट जमीन खरीदी गई है। समाजसेवियों के सामूहिक योगदान से निर्मित ये भवन धर्मशाला जैसा होगा। आठ दिसंबर को जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज सहित देश के नामी हस्तियों की उपस्थिति में भूमि-पूजन व शिलान्यास किया जाएगा।
विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ नेता दिवाकर सोमानी ने बताया कि 30 अक्तूबर 1990 को कारसेवा के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले राम कोठारी व शरद कोठारी की स्मृतियों को संजोने के लिए संत महंत व उद्योगपतियों के सहयोग से शौर्य भवन का निर्माण कराया जाएगा। शौर्य भवन में दो बड़े सत्संग भवन बनाए जाएंगे। जहां 24 घंटे प्रभु श्रीराम का भजन व श्रीरामचरित मानस का पाठ होगा। भवन की दीवारों पर कोठारी बंधुओं के जीवनकाल से जुड़ीं यादों का चित्रण होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी धर्मशाला
देश व विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए शौर्य भवन के अंदर धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें 400 एसी व नॉन-एसी कमरे बनाए जाएंगे। वीआईपी के लिए अलग से विशेष कक्ष बनाए जाएंगे। दो भोजनालय का निर्माण होगा, जिसमें दानदाताओं के सहयोग से सतत भंडारा चलेगा। एक लाख पुस्तकों की क्षमता वाला पुस्तकालय का निर्माण होगा।
इन उद्योगपतियों का रहेगा विशेष सहयोग
आदित्य बिलड़ा ग्रुप के पद्मश्री राजश्री बिड़ला, श्रीसीमेंट लिमिटेड व बांगड़ सीमेंट के मालिक हरिमोहन बांगड़, डी-मार्ट के चेयरमैन राधाकिशन दम्मानी, सोलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सत्यनारायण नुवाल, टेग्रोस ग्रुप के चेयरमैन देवकिशन झंवर, व्यवसायी वंशीलाल राठी, संगम इंडिया लिमिटेड के रामपाल सोनी का विशेष सहयोग रहेगा।
शौर्य भवन का भूमि पूजन कल
शौर्यभवन का भूमि पूजन शुक्रवार को पद्मविभूषण जगतगुरु रामभद्राचार्य कराएंगे। इस दौरान श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अध्यक्ष नृत्यगोपालदास, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, महामंत्री चंपतराय, कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह, गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, अयोध्या सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक रमापति शास्त्री के अलावा शौर्यभवन के चैयरमैन रामपाल सोनी और सभापति संदीप काबरा प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।