बलरामपुर। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में विकास के एजेंडे पर व्यापक चर्चा हुई। सभासदों के सुझाव पर नगर में वृद्धाश्रम, महिला हास्टल व कम्युनिटी सेंटर का निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का प्रस्ताव पेश किया गया। इसके अलावा नगर पालिका में संसाधन बढ़ाने के लिए टैंकर व जनरेटर आदि खरीदने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद बलरामपुर की बोर्ड बैठक पालिका सभागार में हुई। बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से आफिस बिल्डिंग योजना के तहत कार्यालय की मरम्मत व सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया गया। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, वृद्धाश्रम, वर्किंग महिला हास्टल, मैरिज हॉल, टाउन हाल सेंटर व कम्युनिटी सेंटर के निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। साथ ही साथ नगर में ओपेन जिम स्थापित किए जाने, हेरिटेज भवनों को संरक्षित किए जाने, म्यूजियम, आडिटोरियम, आर्ट गैलरी, स्किल डेवलपमेंट सेंटर व सोलर पार्क स्थापित किए जाने का निर्णय भी लिया गया। नगर में जाम की समस्या को देखते हुए स्मार्ट पार्किंग एरिया बनाए जाने, फोर्ट स्ट्रीट वीकली मार्केट तथा सिटी फाॅरेस्ट स्थापित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में तीन हजार लीटर एवं दो हजार लीटर क्षमता वाले पांच-पांच टैंकर खरीदने तथा बिजली न रहने पर ट्यूबवेल संचालन के लिए 85 केवीए का पांच जनरेटर खरीदने पर भी विचार किया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य, कर निरीक्षक हर्षित मिश्र, नागेंद्र आर्य व सभी सभासद मौजूद रहे।