पंडाल में विराजे भगवान गणेश की आराधना करते श्रद्धालु।
करनैलगंज/तरबगंज/गोंडा। गणेश चतुर्थी पर बुधवार को जिले में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को पंडालों में स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गई। नगर के भरत मिलाप चौराहे पर बने पंडाल में गजानन की भव्य प्रतिमा स्थापित है। सुभाषनगर महाराजगंज में भी गणपति बप्पा के गुणगान में लोग जुट गए। असीम मिश्रा, आशीष मिश्रा, आचार्य उमेश पांडेय ने पूजा-अर्चना की। यहां पर पिछले 12 वर्षों से पूजा-अर्चना की जाती है।
करनैलगंज के गुड़ाही बाजार स्थित श्रीरामलीला भवन में श्री गणेश पूजा महोत्सव समिति द्वारा भव्य प्रतिमा स्थापित कर विविध कार्यक्रमों की शृंखला आरंभ की गई। गांधीनगर और रिशाला मोहल्ले में भी गणेश प्रतिमा की स्थापना कर पूजा शुरू हुई। गणेश महोत्सव समिति के सदस्य मोहित सेठ ने बताया कि इस वर्ष भी छह दिनों तक नगर में गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
तरबगंज के पकड़ी बाजार के हरदी गड़हा पर बुधवार को आठवें श्रीगणेश पर्व के आयोजन के पहले दिन सुंदरकांड पाठ के साथ ही मूर्ति स्थापना की गई। आयोजक मंडल के संजय श्रीवास्तव ने बताया कि नौ दिन के इस कार्यक्रम में तीन सितंबर को पूर्णाहुति व भंडारा किया जाएगा। चार सितंबर को भव्य झांकी का क्षेत्र भ्रमण व प्रतिमा का विसर्जन करने के साथ समापन किया जाएगा। कार्यक्रम के शुभारंभ पर राहुल दुबे, मोहित सिंह, रामनाथ तिवारी, राहुल सिंह, किशु गुप्ता, संदीप तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।