टीईटी संघर्ष मोर्चा प्रदेश सरकार के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।
ये बातें टीईटी संघर्ष मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नील मणि शुक्ल ने गुरुवार को सदर तहसील परिसर में पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब पांच लाख शिक्षकों के पद प्राथमिक स्कूलों में रिक्त हैं। वर्ष 2011 में टीईटी उत्तीर्ण होने के बावजूद प्रदेश सरकार प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में तैनाती दिलाने में आनाकानी कर रही है। टीईटी के स्थान पर प्रदेश सरकार अप्रशिक्षित लोगों को बच्चों का भविष्य बनाने के लिए तैनाती कर शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने का कुचक्र कर रही है।
बैठक को वर्ष 2011 में टीईटी उत्तीर्ण राहुल द्विवेदी, रंजन यादव, गौरव माथुर, योगेन्द्र सिंह, चंद्रभान पांडेय, गोवर्धन, मनोज तिवारी, राकेश द्विवेदी, रमन मिश्र, माहम्मद मुस्तफा खान व अर्जन प्रसाद आदि ने संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान किया।
इन लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सभी टीईटी उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों की तैनाती नहीं की गई तो हम लोग दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। बैठक के बाद टीईटी संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू को सौंपा।