प्राथमिक विद्यालय बनगाई प्रथम में आक्रोश जताते छात्र-छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
पिछले दो महीनों से एक ग्राम पंचायत के पांच परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को फल-दूध नहीं दिया जा रहा। इसकी सूचना विद्यालय के अध्यापकों ने विभागीय लोगों को भी दी। बावजूद इसके समस्या ज्यों की त्यों बनी है। गुरुवार को इसे लेकर विद्यालय के बच्चों ने अपनी नाराजगी के तौर पर प्रदर्शन किया।
क्षेत्र पंचायत की ग्राम पंचायत बनगाई में प्राथमिक विद्यालय बनगाई प्रथम, द्वितीय, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनगाई तथा मजरा खम्हरिया में प्राथमिक विद्यालय खम्हरिया के स्कूलों में बच्चों को दो महीनों से फल व दूध नहीं दिया जा रहा जबकि इन विद्यालयों में कुल मिलाकर 428 बच्चे पढ़ रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय बनगाई प्रथम में छात्र संख्या 91 व सहायक अध्यापक शालिनी सिंह हैं। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनगाई में छात्र संख्या 66 है। यहां कमला प्रसाद प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक कुलदीप हैं। प्राथमिक विद्यालय बनगाई द्वितीय में कुल 91 बच्चे नामांकित हैं।
एक जुलाई से यहां तैनात सहायक अध्यापक ममता सिंह अवैतनिक अवकाश पर हैं। जिस कारण सहायक अध्यापक शिल्पी को ही यहां अकेले पढ़ाना पड़ रहा है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनगाई में 59 बच्चे हैं। यहां प्रधानाध्यापिका ललित कुमारी व सहायक अध्यापक राकेश चतुर्वेदी हैं। प्राथमिक विद्यालय खम्हरिया में कुल 110 बच्चे नामांकित हैं।
यहां रमजान खां प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक नाजिया बानो हैं। जिनका कहना है कि अगस्त में दो बार बच्चों को फल दिया गया था लेकिन एक जुलाई से 31 अगस्त तक बच्चों को दूध नहीं मिला है। इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी रामराज ने बताया कि एमडीएम बनवाने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान स्वयं लिए हैं। उनसे इस संबंध में बात की जाएगी।