गोंडा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मार्कंडेय शाही ने बताया है कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण 09 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। प्रशिक्षण दो पालियों में होगा, जिसमें प्रथम पाली का प्रशिक्षण सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक तथा दूसरी पाली का प्रशिक्षण ढाई बजे से शाम पांच बजे तक संपन्न होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण नगर के दो विद्यालयों शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज टॉमसन तथा लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय एलबीएस पीजी कॉलेज में कराया जाएगा। प्रशिक्षण के बारे में उन्होंने बताया कि एलबीएस पीजी कॉलेज में डेढ़ हजार तथा टामसन कॉलेज में एक हजार कर्मियों का प्रति पाली प्रशिक्षण होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दोनों पालियों को मिलाकर पांच हजार कर्मियों का प्रशिक्षण होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 09 अप्रैल से 12 अप्रैल तक मतदान कर्मियों तथा 13 अप्रैल को रिवर्ज मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण होगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की जाएगी।