बाबागंज (गोंडा)। बाबागंज के रहने वाले एक शख्स ने गांव के ही 2 लोगों पर धोखे से एटीएम हथियाकर 74 हजार रुपये निकाल लेने का आरोप लगाते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के कस्बा बाबागंज के रहने वाले नान बाबू पुत्र सुखराम के मुताबिक उसका महिंद्रा कोटे में बैंक पंजाब शाखा से खाता संचालित हो रहा है। उसके मुताबिक वह घर आया था और 27 अक्तूबर को वह बाबागंज से 3000 रुपये निकालने गया था। नान बाबू के मुताबिक उसके साथ गांव के ही राजन शर्मा व सुनील वर्मा भी थे। आरोप है कि धोखे से सुनील वर्मा ने उसका एटीएम कार्ड ले लिया और पिन नोट कर लिया।
29 अक्तूबर को उसके खाते से छह बार में पूरा पैसा निकाल लिया गया। उसके खाते में महज 45 रुपये बचे हैं। नान बाबू के मुताबिक 34 हजार रुपये ब्रिज कम्युनिकेशन इंदिरानगर धानेपुर से निकाला गया है, जबकि 40 हजार रुपये एटीएम से निकाला गया है।
पीड़ित का कहना है कि पैसा मांगने गया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष रतन कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बाबागंज के रहने वाले राजन शर्मा व सुनील वर्मा के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है कार्रवाई की जा रही है।