गोंडा। रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतर जनपदीय गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो लाख 80 हजार रुपये की नकदी, बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।
एसपी आकाश तोमर ने बताया कि 27 मई को सुरेंद्र सिंह ने कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा कि परसपुर के सिंगरिया गांव निवासी महेंद्र प्रताप सिंह व मरचौर निवासी मोहम्मद सोनू उर्फ विराट सिंह अपने दो साथियों संग उससे मिलने आए और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर चार लाख रुपये हड़प लिए। एसपी ने खुलासे के लिए एसओजी समेत थाना परसपुर की टीम लगाई थी।
एसपी ने बताया कि पड़ताल के दौरान अंतर जनपदीय ठगी गिरोह के महेंद्र प्रताप सिंह, मोहम्मद सोनू उर्फ विराट सिंह व परसपुर क्षेत्र के चरहुआं मरजादपुर गांव निवासी राजकुमार गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 2.80 लाख रुपये की नकदी, बाइक और अभियुक्त महेंद्र प्रताप सिंह के पास से 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। कोर्ट में पेश कर तीनों को जेल भेजा गया है।