फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: प्रदेश के टॉप-10 में चार होनहार गोंडा के

Tue, 25 Apr 2023 11:36 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम मंगलवार दोपहर घोषित हो गया। हाईस्कूल में प्रदेश की टॉप-10 सूची में जिले की दो छात्राओं और एक छात्र ने स्थान हासिल कर गोंडा का मान बढ़ाया है। इंटरमीडिएट की टाॅप-टेन सूची में भी जिले की एक छात्रा ने स्थान बनाया है। जिले में हाईस्कूल का परिणाम 93.38 फीसदी तो इंटर का परिणाम 72.44 फीसदी रहा।
विज्ञापन

हाईस्कूल की प्रदेश की टॉप-10 सूची में सातवें स्थान पर शहर के मालवीयनगर के सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र रचित शुक्ल रहे। रचित ने 600 पूर्णांक में से 582 अंक (97 फीसदी) हासिल किए हैं।टॉप-10 सूची में नौवें स्थान पर पिपरा स्माइल स्थित किसान इंटर कॉलेज की तृप्ति मिश्रा हैं। उन्हें 600 में से 580 अंक (96.67 फीसदी) मिले हैं। इटियाथोक स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा प्रतिमा द्विवेदी ने 96.5 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश की टॉप-10 सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है। प्रतिमा ने 600 में से 579 अंक अर्जित किये हैं।
इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में प्रदेश की टॉप-10 सूची में परसपुर के एसबीएम गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा अवंतिका सिंह ने आठवां स्थान हासिल किया है। अवंतिका को 500 पूर्णांक में से 480 अंक (96 फीसदी) मिले हैं।
विज्ञापन

यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार इंटरमीडिएट में 21,669 बालक व 17,522 बालिका मिलाकर कुल 39,191 संस्थागत छात्र पंजीकृत थे। व्यक्तिगत रूप से 1361 बालक व 741 बालिका समेत कुल 2,102 छात्र-छात्राएं थे। कुल 41,293 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। 40414 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इसमें 29,277 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा पास कर ली है। इंटरमीडिएट में 72.44 फीसदी छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। हाईस्कूल में 29,124 बालक व 24,203 बालिका समेत कुल 53,327 बच्चे पंजीकृत थे। 49,162 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और इनमें से 45,909 ने सफलता हासिल की है। इस तरह हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 93.38 फीसदी रहा।
गत वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणाम से इस बार हाईस्कूल का परिणाम बेहतर रहा मगर इंटरमीडिएट के परिणाम में गिरावट आई है। बीते साल हाईस्कूल के परिणाम में जिला 48वें स्थान पर था, जो अब छठे स्थान पर आ गया है। इंटरमीडिएट के परिणाम में जिला पिछले साल 16वें स्थान पर था मगर इस बार 61वें स्थान पर पहुंच गया है।
साल 20222 में हाईस्कूल में पंजीकृत 46,253 में से 41,330 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 35,966 परीक्षार्थी सफल हुए थे। इस तरह हाईस्कूल का परिणाम 87.02 फीसदी था। इस साल 49,162 परीक्षार्थी हाईस्कूल परीक्षा में शामिल हुए और 45,909 ने परीक्षा की है। इस तरह परीक्षा परिणाम 93.38 फीसदी रहा। वर्ष 2022 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में पंजीकृत 34,666 बच्चों में से 32,157 ने परीक्षा दी और 28,704 परीक्षार्थी सफल हुए थे। इस तरह परीक्षा परिणाम 89.26 फीसदी था। इस बार 41,397 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। जिसमें से 40,414 ने परीक्षा दी और 29,277 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की। इस तरह परीक्षा परिणाम 72.44 फीसदी ही रहा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि हाईस्कूल में बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया, इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं। प्रदेश की टॉप 10 सूची में गोंडा के छात्र-छात्राओं को जगह मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। इंटर के छात्र-छात्राओं ने भी मेहनत की मगर इस बार और प्रयास की जरूरत है। हालांकि इंटरमीडिएट की प्रदेश की टॉप टेन सूची में गोंडा की एक छात्रा ने स्थान हासिल करके मान बढ़ाया है। इंटर की पढ़ाई पर इस बार विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें