गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के बछईपुर चैनवापुर गांव में मंगलवार रात एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। सूचना पर सीओ सदर शिल्पा वर्मा, धानेपुर थानाध्यक्ष बीएन सिंह व मोतीगंज थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वायड के साथ फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई। मगर कातिलों का कोई सुराग नहीं लग सका।
धानेपुर थानाध्यक्ष बीएन सिंह ने बताया कि क्षेत्र के बछईपुर के चैनवापुर गांव निवासी इदरीश के बेटे सद्दाम (28) को मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। गेहूं के खेत में खून से लथपथ सद्दाम का शव मिला है। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि रात नौ बजे किसी का फोन आने पर सद्दाम घर से निकला था। गांव से महज 200 मीटर दूर ही उसका शव मिला है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। परिजनों से पूछताछ कर कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। सद्दाम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी हत्या से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।