मुजेहना ( गोंडा )। थाना धानेपुर के ग्राम रानीजोत में पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार को दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडा चला। जिसमें दो महिलाओं सहित 4 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आस मोहम्मद निवासी रानी जोत के मजरा भगड़वा ने बताया कि उसके और बकरुद्दीन के बीच भूमि का विवाद चल रहा है। आस मोहम्मद के मुताबिक शनिवार को वह माधवगंज में स्थित अपने खेत को जा रहा था।
आरोप है कि इसी बीच पुरानी रंजिश को लेकर बकरुद्दीन ने रफीकुन्निशा, अतिकुलनिशा, राहिना के साथ मिलकर लाठी-डंडे व हंसिया से हमला कर दिया। शोर सुनकर उसकी पत्नी प्रवीन बानो बचाने दौड़ी तो उसे भी लाठी-डंडे व हंसिया से मारकर घायल कर दिया। मारपीट में आस मोहम्मद की बेटी भी घायल हो गई। दूसरे पक्ष के बकरउद्दीन ने भी आस मोहम्मद के विरुद्ध मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। आस मोहम्मद व प्रवीन बानो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों से मारपीट हुई है। प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।