डीजल से बदलकर इलेक्ट्रिक इंजन में तब्दील हुई वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन के बाद अब रेलवे जनपदवासियों को चार और इलेक्ट्रिक ट्रेनों की सौगात देने जा रहा है। जिनमें बाघ एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, राप्ती सागर व बरौनी मेल शामिल हैं।
बताया जाता है कि बाघ एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार को इलेक्ट्रिक लोको से चलनी शुरू हो जाएगी। जबकि बाकी बची तीन ट्रेनों का संचालन भी इलेक्ट्रिक लोको के जरिए अगले दो से तीन दिनों के भीतर रेलवे कर देगा।
बता दें कि बीते 26 अगस्त को बरौनी से नई दिल्ली वाया गोंडा होकर चलने वाली वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन के डीजल इंजन को इलेक्ट्रिक इंजन में तब्दील कर इसकी शुरूआत रेलवे ने की थी। जिसमे एक के बाद एक ट्रेनों को डीजल इंजन से मुक्त करके उन्हें इलेक्ट्रिक लोको से चलाया जा रहा है।
इलेक्ट्रिक लोको की खासियत होती है कि यह कम समय में स्पीड पकड़ लेती है। इलेक्ट्रिक लोको से चलने पर इसका इंजन कभी फेल नहीं होता। बताया यह भी जा रहा है कि जल्दी ही गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन को भी डीजल से बदलकर इलेक्ट्रिक लोको में तब्दील कर दिया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि शुक्रवार से बाघ एक्सप्रेस ट्रेन इलेक्ट्रिक लोको से चलनी शुरू हो जाएगी। जबकि अगले दो से तीन दिनों के भीतर राप्ती सागर, बिहार सम्पर्क क्रांति व बरौनी मेल भी इलेक्ट्रिक लोको से चलने लगेंगी।
सितंबर में एनई रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर में रेलमंत्री से इलेक्ट्रिक लोको के शुभारंभ के लिए समय मांगा गया है। जैसे ही उनका समय मिल जाता है वह गोरखपुर से हिसार के बीच चलने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ रेलमंत्री से फीता कटवाकर करा देंगे।