मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ से पांच-पांच एमवीए की क्षमता वाले तीन विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण कर जिले के लोगों को बेहतर बिजली की सौगात दी है। पावर कॉर्पोरेशन तीनों विद्युत उपकेंद्रों को चालू कराने में जुट गया है। इन उपकेंद्रों से जुड़े करीब डेढ़ सौ गांवों के साढ़े चार लाख लोगों को अब बेहतर बिजली मिलने का सपना पूरा हो जाएगा।
एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन एसके ओझा ने बताया कि जिले के तीन ब्लॉकों में नव निर्मित विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कर दिया है। पांच-पांच एमवीए की क्षमता वाले तीनों उपकेंद्रों का शीघ्र संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
गैसड़ी ब्लॉक के परसा-पलईडीह, उतरौला व गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में पांच-पांच एमवीए के तीन विद्युत उपकेंद्रों का मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया है। विद्युत उपकेंद्रों का संचालन शुरू हो जाने से यहां के करीब 150 गांवों के साढ़े चार लाख लोगों को लाभ होगा।
लोकार्पण के दौरान परसा-पलईडीह गांव में पावर कॉर्पोरेशन के एसडीओ राम अचल, जेई पचपेड़वा पीके वर्मा, जेई तुलसीपुर हीरालाल व जेई बलरामपुर कमलेश कुमार चौरसिया सहित युवजन सभा के जिलाध्यक्ष राकेश यादव, क्षेत्रवासी अमरनाथ वर्मा, सरदार अवतार सिंह आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी।
मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए युवजन सभा के अध्यक्ष ने कहा कि विद्युत उपकेंद्र चालू होने से गैसड़ी बाजार, परसा, पलईडीह, भोजपुर संतरी, कुड़वा, मदरहवा, पिपरी, सिंहमुहानी व राजपुर बकौली सहित 50 गांव के लोगों को लाभ मिलेगा।