खोड़ारे (गोंडा)। घारीघाट में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन कर शिलान्यास तथा मनकापुर के मोहनपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने गुरुवार को किया।
गुरुवार को गौरा विधानसभा क्षेत्र के घारीघाट में 48.66 करोड़ की लागत वाले 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र की आधारशिला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा द्वारा विधिविधान से पूजा-अर्चना कर रखी गई।
ऊर्जा मंत्री द्वारा मनकापुर के मोहनपुर में एक 33/11 विद्युत उपकेंद्र का भी शिलान्यास किया गया। उसके बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने गोंडा जनपद में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गोंडा में अब तक 747 करोड़ रुपये खर्च कर उन्नीस उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई गई है। 3114 किलोमीटर की एचटी लाइन, 5436 एलटी लाइनों का निर्माण कराया गया है जिससे अब तक 121931 घरों को बिजली से रोशन किया गया।
68387 घरों को मुफ्त कनेक्शन दिया गया है। पूर्व में लगे करीब 9570 जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदला गया है। बताया कि फरवरी 2022 तक उपकेंद्र संचालित हो जायेगा जिससे आसपास के गांवों को समुचित व निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी।
इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम को सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने भी संबोधित कर सरकार द्वारा लोगों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम को क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा, जिलाध्यक्ष सूर्यनरायन तिवारी व बिजली विभाग के एमडी ने भी संबोधित किया। इस दौरान डीएम मारकंडेय शाही, एसपी संतोष कुमार मिश्र, सीओ संजय तलवार व अब्दुल कयूम आदि मौजूद रहे।