गोंडा। जनपद बलरामपुर उतरौला में मिली एक लावारिश बच्ची को स्पेन निवासी विदेेशी दंपती ने गोद लिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला दत्तक ग्रहण अभिकरण की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद भारत सरकार के निर्देश पर जिला जज एवं जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल की अनुमति से दोनों विदेशी दंपती को उक्त बच्ची को सौंपा गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष जनपद बलरामपुर के उतरौला में मिली लावारिस बच्ची को जिला दत्तक ग्रहण अभिकरण को पुलिस ने सौंपा था। तभी से प्रोबेशन विभाग की ओर से बच्ची की देखरेख की जा रही थी। बच्ची को गोद दिलाने का प्रयास किया जा रहा था। मगर भारत में किसी भी व्यक्ति द्वारा बच्ची को गोद नहीं लिया गया।
केंद्र सरकार के प्रयासों से स्पेन निवासी एक दंपती ने बच्ची को गोद लेने की अर्जी दी। इसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कराते हुए सोमवार को बच्ची को दंपती को सौंप दिया गया। वहीं बच्ची को पाकर दंपती बेहद खुश नजर आए और उन्होंने कलेक्ट्रेट में मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।