फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहरे का प्रकोप : तीन हादसों में चार की मौत, सात जख्मी

Fri, 16 Feb 2024 12:09 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। घने कोहरे के कारण हुए तीन सड़क हादसों में बृहस्पतिवार को सगे भाइयाें समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि सात लोग जख्मी हो गए। कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर कस्बे में ट्रक व बोलेरो की आमने-सामने हुई टक्कर में सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। छपिया थाना क्षेत्र के मसकनवां-बभनान मार्ग पर टेंपो व ट्रॉली की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसमें एक ही परिवार के तीन लोग जख्मी हो गए। वजीरगंज में अचलपुर गांव के पास कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा जख्मी हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन


श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के पूरे तिवारी मनोहरपुर गांव निवासी सुनील तिवारी (50) अपने छोटे भाई ननके तिवारी (45), भिनगा थाना क्षेत्र के पूरे उदई निवासी शिवम मिश्रा (25) बंदरहवा थाना इकौना निवासी बोलेरो चालक बजरंगी (30), पूरे तिवारी मनोहरजोत गांव निवासी परीक्षित तिवारी का बेटा सौरभ (5) बृहस्पतिवार की सुबह बोलेरो में सवार होकर अयोध्या दर्शन करने के लिए जा रहे थे। घना कोहरा होने की वजह से दृष्यता कम थी। वे सभी गोंडा-बहराइच मार्ग पर आर्यनगर के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ट्रक को देख नहीं के। जिससे बोलेरो की ट्रक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें सभी घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां चिकित्सक ने सुनील तिवारी व ननके तिवारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।

वजीरगंज थाना क्षेत्र के परसहवा गांव निवासी अतुल पांडेय (24) अपने भतीजे आयुष पांडेय (14) के साथ बाइक से बुधवार की रात क्षेत्र के अचलपुर गांव में एक निमंत्रण में गए थे। वहां से वापस लौटते समय गोंडा-अयोध्या हाईवे पर अचलपुर गांव के पास सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें अतुल पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी लाया गया। जहां से नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अतुल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे, एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। जिससे सिर में अधिक चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन

वहीं, छपिया थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी शारदा प्रसाद पांडेय अपने परिवार व रिश्तेदारों के संग मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित गड़हा बागेश्वर धाम गए थे। वहां से ट्रेन से वे लखनऊ होते हुए बुधवार की रात बभनान रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद सभी टेंपो से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में बभनान-मसकनवां मार्ग पर परसा तिवारी बाजार में पेट्रोलपंप के समीप गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से टेंपो में टक्कर मार दी। जिसमें महमूदपुर निवासी शारदा प्रसाद पांडेय (50), विवेक कुमार (32), आशुतोष पांडेय (35), अंजनी पांडेय (30) व कुशलावती (46) निवासी बेलाड़े थाना हरैया, जिला बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी छपिया ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने शारदा प्रसाद पांडेय को मृत घोषित कर दिया। अंजनी पांडेय व विवेक कुमार को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया। बाद में अंजनी को मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। कुशलावती का सीएचसी छपिया में इलाज चल रहा है। शारदा की पत्नी पूनम पांडेय ने थाना छपिया में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक के खिलाफ लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष छपिया सतेंद्र वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, युवक गंभीर
मोतीगंज (गोंडा)। मोतीगंज थाना क्षेत्र के सिसवरियां-जमुनियाबांग मार्ग पर पांडेयबाजार के पास बृहस्पतिवार की शाम को मोटरसाइकिल व साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आईं हैं। जबकि साइकिल पर बैठी महिला की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी काजीदेवर भिजवाया। परिजनों ने गंभीर होने पर मुख्यालय स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष मोतीगंज प्रतिभा सिंह ने बताया कि टेड़िया बेसहूपुर गांव निवासी धनीराम पत्नी हंसना देवी (55) के साथ साइकिल से जमुनियाबाग बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही पांडेयबाजार पहुचे अनियंत्रित बाइक सवार चालक विकास गुप्ता (30) ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे हंसना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। विकास गुप्ता को गंभीर हालत में पुलिस के सहयोग से परिजनों ने मुख्यालय के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। धनीराम की तहरीर पर विकास गुप्ता के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाने व गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें