गोंडा। प्रधानों की ताजपोशी के पांच साल पूरे हो गए हैं। कार्यकाल में अब चंद दिन ही शेष हैं। मगर अभी तक न तो चुनाव की तिथि का एलान हुआ और न ही प्रधानों के कार्यकाल को लेकर कोई फैसला हुआ है। ऐसे में प्रशासक नियुक्त करने के बजाय प्रधान अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
दो मई 2021 को ग्राम प्रधान पद के चुनाव के परिणाम घोषित किए गए थे। प्रमाणपत्र देकर प्रधानों की ताजपोशी की गई थी। इसके बाद प्रधानों ने 26 मई और 19 जुलाई को शपथ लेकर पंचायतों में कामकाज शुरू किया। अब प्रधानों की ताजपोशी के पांच साल हो गए हैं। कार्यकाल खत्म होने में सिर्फ 21 दिन का वक्त बचा है। इसके बाद पंचायतों में या तो प्रशासक तैनात किए जाएंगे या फिर प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने का फैसला हो सकता है। प्रधानों ने मुख्यमंत्री से पत्राचार किया है। उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत वजीरगंज के ग्राम प्रधान सुशील जायसवाल का कहना है कि सरकार या तो समय पर चुनाव कराए या फिर प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। डीपीआरओ लालजी दूबे ने बताया कि प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। शासन के निर्णय के अनुसार जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
डुप्लीकेट मतदाताओं की शुरू नहीं हो पाई जांच
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से डुप्लीकेट मतदाताओं को सूची से बाहर करने के लिए जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिले में सभी 16 ब्लॉकों को मिलाकर 8.63 लाख डुप्लीकेट मतदाता हैं। मगर अभी तक जांच शुरू नहीं हो पाई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण का कहना है कि सभी को सूची उपलब्ध करा दी गई है। उच्चाधिकारियों की ओर से जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। 10 जून को फाइनल सूची प्रकाशित की जाएगी। बीएलओ के माध्यम से घर-घर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।