पीएसी ग्राउंड, कार्यालय और स्कूल-कॉलेज परिसरों में दिखा योगाभ्यास का जोश
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, नोडल अफसर कंचन वर्मा समेत अन्य ने किया योगाभ्यास
कार्यक्रम में दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल बांटने के साथ काफी टेबल बुक का लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। तन, मन और संयम के लिए शुक्रवार को 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में करीब पांच लाख लोगों ने योगासन किया। मुख्यालय के पीएसी ग्राउंड में प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, नोडल अधिकारी स्कूली शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा, डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, डीएम नेहा शर्मा, एसपी विनीत जायसवाल और सीडीओ एम. अरुन्मोली सामूहिक योग में शामिल हुईं। कार्यक्रम में दिव्यांगों को ट्राईसाइकिलें वितरित की गईं। साथ ही कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण हुआ।
इस दौरान प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ के साथ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। वहीं, प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में शक्ति रसोई का भी उद्धाटन किया। नवाबगंज गिर्द के पंचायत भवन में पूर्व मंत्री व विधायक रामपति शास्त्री, करनैलगंज डाक बंगला परिसर में विधायक अजय सिंह, मुजेहना ब्लॉक सभागार में विधायक विनय द्विवेदी, चौरी-चौराहा के अपने कार्यालय पर विधायक बावन सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ योगाभ्यास किया। खरगूपुर के सुप्रसिद्ध झालीझाम मंदिर परिसर में महंत नरसिंह दास महराज, मनकापुर तहसील परिसर में एसडीएम यशवंत राव, आईटीआई मनकापुर ईकाई प्रमुख अजय श्रीवास्तव की अगुवाई में योग किया गया।
एलबीएस पीजी कॉलेज परिसर में प्राचार्य प्रो. रवींद्र पांडेय, बभनान किसान डिग्री कॉलेज प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार शुक्ल और डायट प्राचार्य अतुल तिवारी समेत नारीज्ञान स्थली महाविद्यालय समेत संस्था प्रमुखों की अगुवाई में शिक्षक व छात्रों में जोश दिखा है। पीएसी ग्राउंड परिसर में एडीएम चंद्रशेखर, सीएमओ डॉ. रश्मि गुप्ता, सीआरओ महेश प्रकाश, एएसपी मनोज रावत, राधेश्याम राय और बीएसए प्रेमचंद यादव समेत मौजूद रहे।
घरों से कार्यालयों तक निरोगी रहने का लिया संकल्प
अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में करीब पांच लाख लोगों ने योग किया। इस दौरान घरों के साथ ही पार्कों, कार्यालय व सार्वजनिक परिसर में भी लोगों ने योग किया। नवाबगंज, छपिया थानों समेत जिलेभर के ब्लॉक मुख्यालयों समेत शहर के लेकर ग्राम पंचायतों तक योग को लेकर धूम रही है। मानसिक एवं शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए पद्मासन, वज्रासन, मत्स्यासन, वक्रासन, अर्ध-मत्स्येन्द्रासन, सूर्य नमस्कार, गोमुखासन, पश्चिमोत्तनासन, उष्ट्रासन और अर्द्धहलासन किया है।
न्यायालय परिसर और कारागार में भी योगासन
प्रभारी जिला जज पूजा सिंह की अध्यक्षता व विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन के संयोजन में जिला न्यायालय परिसर व जिला कारागार में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान योग प्रशिक्षकों के द्वारा योग के विभिन्न आसन बताये गए। जनपद न्यायालय के योगाभ्यास कार्यक्रम में सभी न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी और जिला कारागार के योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रभारी जिला जज व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ जेल के अधिकारी, कर्मचारी व बंदियों ने योग किया।