गोंडा। जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्कूल शिक्षा की महानिदेशक कंचन वर्मा के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की है। सभी स्कूलों में प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी आपात स्थिति में बच्चों को तुरंत प्राथमिक चिकित्सा दी जा सके।
जनपद में कुल 2,609 परिषदीय विद्यालय हैं। जिनमें लगभग तीन लाख बच्चे अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के दौरान किसी भी बच्चे की तबीयत अचानक खराब होने की स्थिति में त्वरित इलाज मिल सके। इसके लिए प्रत्येक स्कूल को कंपोजिट स्कूल ग्रांट से प्राथमिक उपचार किट खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। इस किट में ओआरएस घोल, पैरासिटामॉल, दर्द निवारक जेल समेत कुल दस आवश्यक दवाएं शामिल होंगी। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर कोई लापरवाही न हो।