गोंडा। मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करने वाले छह विद्यालयों के प्रबंधकों के खिलाफ अब एफआईआर की तैयारी है। विभागीय निरीक्षण में मान्यता के विपरीत कक्षाएं संचालित मिलने के बाद संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी कर पढ़ाई बंद कराने के निर्देश दिए गए थे। कुछ प्रबंधकों ने नोटरी शपथपत्र देकर कक्षाएं बंद करने का भरोसा भी दिया, लेकिन दोबारा शिकायत मिलने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने प्रबंधकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए एसपी को पत्र भेजा है।
डीआईओएस ने बताया कि सीहागांव में कक्षा आठ तक मान्यता होने के बावजूद कक्षा नौ से 12 तक पढ़ाई संचालित किए जाने की शिकायत मिली। इसी क्षेत्र के दूसरे विद्यालय में कक्षा आठ की मान्यता के बावजूद कक्षा नौ और 10 की पढ़ाई होती मिली। सिसवरिया और बघेलवा में कक्षा नौ और 10, कैमी चौराहा में कक्षा पांच तक मान्यता के बावजूद छह से आठ और हड़हवा में कक्षा आठ तक मान्यता के बावजूद नौवीं और दसवीं की कक्षाएं संचालित किए जाने की शिकायत सामने आई।
विभाग के मुताबिक सभी संबंधित विद्यालयों को पहले नोटिस देकर मान्यता से अधिक कक्षाएं बंद कराने और विद्यार्थियों का मान्यता प्राप्त विद्यालयों में दाखिला कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद दोबारा शिकायतें मिलने पर कार्रवाई की गई। डीआईओएस ने बताया कि एसपी को पत्र लिखकर संबंधित थानाध्यक्षों को विद्यालय प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।