उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के परास पट्टी मझवार गांव में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों में रविवार की दोपहर भिड़ंत हो गई। मारपीट के दौरान एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे गोलियों की तड़तड़ाहट से मझवार गांव गूंज उठा। मारपीट व फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से तीन लोगों को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
फायरिंग की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ तरबगंज व चार थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। एहतियातन गांव में पीएसी व पुलिस तैनात कर दी गई है। एएसपी का कहना है कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के परास पट्टी मझवार गांव निवासी चंद्रभान सिंह ने बताया कि उनकी गांव के ही रहने वाले जिला पंचायत सदस्य पद के एक प्रत्याशी व उनके भाई से रंजिश चल रही है।
चंद्रभान के मुताबिक रविवार को दोपहर वही प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ गांव में प्रचार कर रहा था। प्रचार करते हुए वह उनके दरवाजे के सामने से निकलने लगा।
जब उनके बेटे अखिलेश सिंह ने दरवाजे के सामने से जाने का विरोध किया तो प्रत्याशी व उसके समर्थकों ने अखिलेश को मारपीट कर जख्मी कर दिया।
इसी बीच गांव के लोग उसे बचाने दौड़े तो प्रत्याशी व समर्थकों ने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में ग्रामीणों ने पथराव किया तो हमलावर भाग निकले। फायरिंग में परास पट्टी के मनोज तिवारी, राम विनायक तिवारी, उदयभान सिंह घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से मनोज, राम विनायक व उदयभान सिंह को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
फायरिंग की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ तरबगंज विजय आनंद समेत उमरी, वजीरगंज, परसपुर, तरबगंज पुलिस व पीएसी मौके पर बुला ली गई।
अपर पुलिस अधीक्षक आरके सिंह ने बताया कि गांव में डेढ़ सेक्शन पीएसी व थाना उमरी की पुलिस को एहतियातन लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।