शहर के स्टेशन रोड पर काली भवानी मंदिर के पास स्थित एक मोबाइल शॉप में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लगने से दुकान में रखा सारा सामान जल गया। आग से 12 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
शहर के फैजाबाद रोड स्थित रकाबगंज के रहने वाले आशीष तिवारी ने बताया कि उसकी शहर के स्टेशन रोड पर काली भवानी मंदिर के पास मोबाइल एसेसरीज की दुकान है।
आशीष के मुताबिक रविवार की शाम दुकान में ताला लगाने के बाद वह अपने घर चला गया था। इसी बीच देर रात उसकी दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे दुकान का सारा सामान जल गया।
आग से काउंटर में रखे चार हजार रुपये, लैपटॉप, कंप्यूटर, इनवर्टर, बैट्री, मोबाइल कवर, चार्जर, रिचार्ज कूपन, मेमोरी कार्ड व फर्नीचर आदि जल गया।
आशीष ने बताया कि आग से 12 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस मामले में आशीष ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कोतवाल नगर अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि आग के कारणों की जांच कराई जा रही है।