भीषण गर्मी के बीच सोहेलवा जंगल के रामपुर रेंज में बीते कई दिनों से सुलग रही चिंगारी अब दावानल बन चुकी है। आग से अब तक करीब 100 बीघा जंगल जल चुका है। वहीं, रविवार को जंगल में लगी आग से जमधरा गांव के किसानों की करीब 50 बीघा गन्ने की फसल भी जलकर नष्ट हो गई। पानी की कमी के चलते आग बुझाने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से 16 मकान जल गए।
रविवार को जमधरा गांव निवासी अजमत उल्लाह के गन्ने के खेत में रामपुर रेंज के जंगल में सुलग रही चिंगारी से आग लग गई। इससे रफातुल्ला का तीन बीघा गन्ना जल गया। आग से शीशम के 30 पेड़ भी जल गए। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल की आग के चलते आसपास के गांवों के कई किसानों की लगभग 50 बीघा फसल जल गई है।
क्षेत्र में पानी की कमी के चलते आग बुझाने में ग्रामीणों को मशक्कत करनी पड़ रही है। जंगल की आग बुझाने के प्रति वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लापरवाही बरत रहे है। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध कटान के साक्ष्य छिपाने के लिए जंगल में जानबूझकर आग लगाई जाती है। ग्रामीणों ने जंगल की आग से नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग वन विभाग से की है।
इस संबंध में डीएफओ जीपी सिंह ने बताया कि आसपास के लोगों द्वारा जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकने के कारण जंगल में आग लग जाती है। संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों को आग पर हर हाल में काबू पाने का निर्देश दिया गया है।
उधर, जिले के दो थाना क्षेत्र के तीन गांवों में आग लगने से 16 मकान जल गए। अग्निकांड में दो सिंचाई मशीन व एक बीघा गन्ने की फसल भी जल गई।
रविवार की सुबह गौरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में होली के घर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में बाबूलाल, ब्रह्मचारी व राम दुलारे के घरों को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल ने क्षति का आकलन करके रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी। वहीं, उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बांकभवानी के मजरा लोकईडीह में दोपहर करीब 12 बजे पश्चिम तरफ खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की चपेट में आकर रंगीलाल, पूरन, मिन्नू, हनुमान, संतराम, झिन्नू, दयाराम, बाबूराम व रघ्घू समेत 12 लोगों के घर व सामान जल गया।
आग से मुखलाल की एक बीघा गन्ने की फसल तथा राजकुमार व चंद्रपाल का सिंचाई मशीन भी जल गई। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ही गुरुदयाल डीह गांव में रविवार दोपहर चिद्दुन के घर लगी अज्ञात कारणों से आग से पड़ोसी कल्लू व गंगाराम का घर जल गाय।