खरगूपुर। गोकरन शिवाला में मंगलवार रात दुकान में रखे दीये से पर्दे में लगी आग कुछ ही मिनटों में बेकाबू हो गई। लपटों ने पास में रखे डीजल से भरे ड्रम को चपेट में ले लिया। पूरा तीन मंजिला मकान धधक उठा। चपेट में आकर दो सिलिंडर फट गए।
इससे घर में रखे तीन लाख रुपये, करीब छह लाख रुपये के जेवरात, 2500 लीटर डीजल और घरेलू सामान समेत लगभग 20 लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। गोंडा व बलरामपुर जिले से पहुंची दमकल की पांच गाड़ियों व एसडीआरएफ की टीम ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
खरगूपुर मार्ग पर अवधेश तिवारी उर्फ पप्पू की डीजल की पंजीकृत दुकान है। दुकान के ऊपर बने तीन मंजिला मकान में वह परिवार के सात सदस्यों के साथ रहते हैं। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे उनकी पत्नी सरोज ने दरवाजे के पास दीया जलाया था। कुछ देर बाद दीये की लौ से पर्दे में आग लग गई। परिवार के लोग जब तक आग बुझाते लपटें पास में रखे डीजल से भरे करीब एक दर्जन ड्रमों और दो मोटरसाइकिलों तक पहुंच गईं।
डीजल ने आग को इतना विकराल बना दिया कि कुछ ही देर में ड्रम फटने लगे और आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। रसोई में भरे रखे दो गैस सिलिंडरों में भी विस्फोट हो गया। हालांकि एक खाली सिलिंडर सुरक्षित बच गया। धमाकों से पूरा इलाका दहल गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार व क्षेत्राधिकारी योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। गोंडा और बलरामपुर से दमकल की पांच गाड़ियां तथा एसडीआरएफ की टीम ने रात करीब 9:30 बजे राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
लेखपाल आलोक चौरसिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया गया है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, शासन को भेजा जाएगा।