गोंडा। बिना किसी सूचना के चुनाव ड्यूटी के प्रशिक्षण से नदारद रहने वाले पीठासीन और प्रथम मतदान अधिकारियों के खिलाफ डीएम ने बृहस्पतिवार को कड़ा एक्शन लिया है। अंतिम मौका देने पर भी 15 विभागों के 41 कर्मचारी मतदान प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे। ऐसे में डीएम ने संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को तीन दिन में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
शहर के एलबीएस पीजी कॉलेज में 18 से 22 अप्रैल के बीच लोकसभा चुनाव को लेकर पीठासीन व प्रथम मतदान अधिकारियों का मतदान ड्यूटी का प्रशिक्षण कराया गया था। इस दौरान बेसिक शिक्षा और स्वास्थ्य समेत 15 विभागों के 41 कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए थे। इतना ही नहीं कार्मिक प्रभारी सीडीओ एम. अरुन्मोली ने संबंधित विभागाध्यक्षों को नोटिस देकर जवाब तलब किया। इस दौरान बिना सूचना व कारण के अंतिम समय तक 41 कर्मचारियों ने मतदान ड्यूटी का प्रशिक्षण नहीं लिया। इसे डीएम ने गंभीरता से लेते हुए चुनाव कार्यों में घोर लापरवाही मानते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को सहकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि गैरहाजिर रहे कर्मियों को 22 अप्रैल को आखिरी मौका दिया गया। इसके बावजूद ये कर्मी नहीं पहुंचे। स्पष्टीकरण का जवाब भी न देने पर एक्शन लिया गया है। सभी विभागाध्यक्ष अपने सहकर्मियों के खिलाफ तीन दिन में एफआईआर दर्ज कराकर सीडीओ को रिपोर्ट देंगे।
अग्रणी जिला प्रबंधक एलडीएम अपने सहकर्मी कैशियर राकेश कुमार व चंदन निगम और क्लर्क अशोक कुमार सिंह, शरद चौहान व सुमित्रा दीक्षित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। सीएमओ को एलटी रमन कुमार सिंह, राजकुमार, अर्जुन भास्कर, परसराम पांडेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। इसी तरह से उपायुक्त एवं उपनिबंधक सहकारिता को वरिष्ठ सहायक अर्पित कुमार यादव, उपनिदेशक सिंचाई एवं जल संसाधन को सींचपाल विवेक मिश्र, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड दो को प्रधान सहायक संतोष कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड को नलकूप चालक दिलीप कुमार, अधिशासी अभियंता गुण नियंत्रण खंड को खंडीय लेखाधिकारी अविनाश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है।
आईटीआई लिमिटेड मनकापुर के इकाई प्रमुख को वरिष्ठ कार्यालय सहायक हनोमान प्रसाद, जिला आपूर्ति अधिकारी को लिपिक रवि कश्यप, जिला गन्ना अधिकारी को गन्ना पर्यवेक्षक आलोक कुमार मिश्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुधन प्रसार अधिकारी हरीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक को सहायक अध्यापक सौरभ कुमार व अशोक शुक्ल, लिपिक अमन श्रीवास्तव व कनिष्ठ सहायक सरोज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।
बीएसए को प्रधान अध्यापक कृष्णकुमार श्रीवास्तव, शिवानंद मिश्र, विश्राम सिंह, अशोक कुमार त्रिपाठी, अबू सूफियान और सहायक अध्यापक नकछेद प्रसाद, अशोक कुमार, विनय कुमार, संदीप कुमार, अखिलेश कुमार के अलावा मानवेंद्र प्रताप सिंह, श्याम सिंह, शिवेंद्र शंकर प्रसाद, मीरा सिंह, कृष्णा कुमार मिश्र, त्रिगुण कुमार शुक्ल, सचिव कृषि उत्पादन मंडी समिति नवाबगंज को मंडी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र और जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर के प्राचार्य को प्रवक्ता जयप्रकाश सिंह और सहायक अध्यापक रामचंद्र उपाध्याय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।