परसपुर। बी-पैक्स के पूर्व सचिव राम निहाल सिंह के खिलाफ 1.69 लाख रुपये के सरकारी धन के गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पर उर्वरक (खाद) बिक्री की रकम बैंक खाते में जमा नहीं करके हड़पने का आरोप है।
प्राथमिकी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को कृषि निवेश (उर्वरक) के सत्यापन के दौरान पाया गया था कि सचिव राम निहाल सिंह ने बिक्री से प्राप्त 2.92 लाख रुपये की धनराशि बैंक या पीसीएफ के खातों में जमा नहीं की थी। मामले की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने आरोपी सचिव को एक सप्ताह के भीतर पूरी रकम जमा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद आरोपी सचिव ने केवल 1.23 लाख रुपये ही जमा किए।
शेष 1.69 लाख रुपये उसने जमा नहीं किए। इस पर तहसील प्रभारी एवं अपर जिला सहकारी अधिकारी करनैलगंज जय चंद वर्मा ने थाना परसपुर में तहरीर दी। सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पूर्व कैडर सचिव राम निहाल सिंह के खिलाफ परसपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक कौशल किशोर सिंह को सौंपी गई है। (संवाद)