संवाद न्यूज एजेंसी तरबगंज (गोंडा)। तहसील परसिर में छुट्टा जानवरों को बंद करने व प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने जिपं सदस्य सहित 29 किसानों लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। किसान यूनियन व अधिवक्ता संघ ने ज्ञापन सौंपा है।
कांग्रेस नेता कृष्ण नारायन तिवारी व किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष रवि नंदन तिवारी ने राज्यपाल व अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष कैलाश नाथ तिवारी व चंद्र प्रकाश तिवारी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा है। जिसमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार उर्फ नानबच्चा पांडेय सहित 30 अज्ञात के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की गई है। मांगें पूरी न होने पर 24 फरवरी से तहसील के सामने आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी गई है।
उधर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार उर्फ नानबच्चा पांडेय ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि प्रशासन किसानों की आवाज दबाने का कार्य कर रहा है। छुट्टा जानवरों से परेशान किसानों की सूचना पर वहां पहुंचे थे। किसानों की समस्या को लेकर आवाज उठाने पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर दिए गए। संवाद