गोंडा। निर्माण कार्यों के लिए खोदे गए गड्ढों को लेकर अब बहानेबाजी नहीं चलेगी। जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने मंगलवार को मातहतों के साथ खुद जानलेवा गड्ढों की पड़ताल की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को चेतावनी दी कि सड़क के किनारे गड्ढे मिले तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने सभी गड्ढों को भरवाने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने गड्ढों को लेकर मंगलवार सख्त रुख अख्तियार किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अफसरों को बैठक के लिए तलब किया और चेतावनी दी कि सड़कों के किनारे कोई भी गड्ढा कतई नहीं दिखना चाहिए। सड़कों के किनारे गड्ढे हो तो अभियान चलाकर उन्हें तत्काल भरवाएं। यदि कोई गड्ढा पाया गया और कोई जनहानि हुई तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएग।
कहा कि दोषी व्यक्ति को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। जिले में जो भी सड़कें बनाई जा रही हैं, उसमें सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे दुर्घटनाओं घटाया जा सके। उन्होंने मोतीगंज, दुर्जनपुर, बगुलही को जाने वाले संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण केका कामकाज भी देखा। जिलाधिकारी ने मार्ग को कटवा कर एवं उसकी चौड़ाई को नपवाकर जानकारी ली। अधिशाषी अभियंता ( प्रांतीय खंड) प्रमोद त्रिपाठी को निर्माण में गुणवत्ता की निगरानी के निर्देश दिए।
सीडीओ करेंगी सड़कों का निरीक्षण, देंगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने शहर के साथ ही गावों में बन रहीं सड़कों के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मोली को निर्देश दिए कि वह पूरे जिले में भ्रमण कर सड़कों का निरीक्षण करें। कहीं गड्ढा मिले तो रिपोर्ट दें। जिससे जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने गड्ढा भरने का कार्य शुरू करने के फोटोग्राफ्स एकत्र करने के भी निर्देश दिए हैं।
समाचार को प्रशासन ने गंभीरता से लिया
सड़क किनारे जानलेवा गड्ढों की खबर ‘अमर उजाला’ ने मंगलवार को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। माई सिटी के पेज दो पर ‘जिले में और भी हैं जानलेवा गड्ढे’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित करते हुए प्रशासन को इंगित किया था।
इस पर जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया। सुबह डीएम ने कलेक्ट्रेट में इससे संबंधित अफसरों की एक बैठक में गड्ढों को पाटने और जिम्मेदारों पर एफआईआर का निर्देश दिया। बैठक के बाद गड्ढा मुक्ति अभियान की शुरू करते हुए मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है और गड्ढों को भरने पर गंभीर रुख अपनाया।