तरबगंज/गोंडा। 28 हजार रुपये के गबन में एसबीआई की बेलसर शाखा के तत्कालीन प्रबंधक व सीएससी संचालक फंस गए हैं। एसपी के आदेश पर दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी व गबन समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उमरी बेगमगंज के तिवारी पुरवा पकवान गांव निवासी श्रीमती के मुताबिक एसबीआई की शाखा बेलसर में उनका खाता था। जिसमें वह जरूरत पड़ने पर जमा व निकासी करती थीं। पीड़िता ने बताया कि वह बेटी की शादी के लिए रुपये जमा कर रही थीं। उन्होंने 28 हजार रुपये में भैंस बेची थी। इसके बाद 17 नवंबर 2023 को रुपये जमा करने के लिए एसबीआई की शाखा बेलसर पहुंचीं। शाखा प्रबंधक ने बताया कि यहां रुपये जमा नहीं हो पाएंगे, चांदपुर में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र खुल गया है। वहां जमा करने के लिए कहते हुए तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने भगा दिया। उसी दिन वह ग्राहक सेवा केंद्र चांदपुर पहुंचीं। जहां लाइसेंसी प्रकाश पांडेय व विकास पांडेय ने 28 हजार रुपये जमा करने के बाद मुहर लगाकर रसीद दे दी। इसके बाद जरूरत पड़ने पर रुपये निकालने ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचीं तो वह बंद मिला। एसबीआई की शाखा बेलसर गईं तो प्रबंधक ने धमकी देकर भगा दिया।
तरबगंज कोतवाल केके त्रिपाठी ने बताया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक व सीएससी संचालक प्रकाश पांडेय, विकास पांडेय के खिलाफ एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कराई जा रही है।