मुजेहना (गोंडा)। धानेपुर थाना इलाके के कुतुबगंज बाजार में झोलाछाप के खिलाफ सीएचसी अधीक्षक ने केस दर्ज कराया है। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान बिना डिग्री इलाज करने के साथ ही नशीली दवाएं भी मिली थी। पुलिस ने सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर केस दर्ज करने के बाद छानबीन शुरू कर दी है। सीएचसी मुजेहना अधीक्षक डॉ. सुमन मिश्रा ने बताया कि बीते 11 दिसंबर को कुतुबगंज बाजार में एक मेडिकल स्टोर पर टीम ने निरीक्षण के दौरान राजेश यादव नामक व्यक्ति बगैर डिग्री के इलाज करता पाया गया था। मौके से नशीली दवाएं भी मिली थी। जिस पर मेडिकल स्टोर को सीज कर रिपोर्ट सीएमओ को भेजी गई थी। सीएमओ से संस्तुति मिलने के बाद रविवार को धानेपुर थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि आरोपी राजेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।