तरबगंज (गोंडा)। तरबगंज थाना क्षेत्र के तरबगंज-डुमरियाडीह मार्ग पर नरायनपुर पुल के पास सड़क हादसे के बाद दो पक्षों के बीच हुउ विवाद में जमकर मारपीट हुई। हादसे ही सूचना के बाद मौके पर पहुंचे चोटिल के परिजनों की कार में भी तोड़फोड़ की गई। थाने में दी गई एक पक्ष की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया।
नगर पंचायत के रामापुर वार्ड संख्या सात के निवासी राम प्रकाश वर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार काे होली के दौरान बेटे यश प्रकाश के साथ उनके भतीजे अभय (10) व अर्पित (7) बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। शाम को वापसी के समय नरायनपुर पुल के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिसमें उनका भतीजा चोटिल हो गया। सूचना पर परिवार के चार लोग कार से मौके पर पहुंचे व घायलों को इलाज के लिए जाने लगे। तभी नरायनपुर निवासी दुर्गा प्रसाद पांडेय, उनके भाई देवी प्रसाद, सतन्नू पांडेय, बेटा सूर्यांश उर्फ शिवम व सिंगहाचंदा के मुरली शुक्लपुरवा निवासी शानू पांडेय ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
वहीं, दुर्गा प्रसाद पांडेय ने बताया कि घटना के बाद कार से आए चोटिल के परिजन बाइक चालक को मारपीट कर जबरन गाड़ी में लादकर ले जा रहे थे। शोर मचाने पर पहुंचकर उसे छुड़ाया। मामले में उन्हें व उनके परिजनों को फर्जी आरोपी बनाया गया है। प्रभारी निरीक्षक समशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।