अच्छे किस्म के बीजों का प्रयोग कर किसान अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। पंजीकृत किसानों को ही अच्छे किस्म के बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिले के सभी किसान कृषि विभाग की वेबसाइट पर 20 सितंबर तक हर हाल में पंजीकरण करा लें।
विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण कराने वाले किसानों को ही अनुदान पर कृषि बीज उपलब्ध कराया जाएगा। एक अक्तूबर से राजकीय कृषि बीज भंडारों से किसानों को अनुदान पर रबी फसलों के बीज मिलने लगेंगे।
यह बातें उप कृषि निदेशक राम बचन राम ने मंगलवार को कार्यालय में विभागीय वेबसाइट पर पंजीकृत किसानों की सूची की जांच-पड़ताल करते हुए कही। उन्होंने कहा कि विभागीय वेबसाइट पर पंजीकृत किसानों को गेहूं, चना, मटर, मसूर व सरसों के अच्छे किस्म के बीच अनुदान पर मुहैया कराए जाएंगे।
पंजीकरण कराने वाले किसानों को अनुदान की धनराशि उनके खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि खरीफ के दौरान पंजीकरण कराकर अनुदान लेने वाले किसानों को पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं है।
जिले के किसी भी क्षेत्र में साइबर कैफे, लोकवाणी केंद्र, जन सुविधा केंद्र व नेट के माध्यम से विभागीय वेबसाइट पर 20 सितंबर तक हर हाल में पंजीकरण करा लें। 25 सितंबर को ब्लॉक मुख्यालयों पर ग्रामवार पंजीकृत किसानों की सूची चस्पा करा दी जाएगी।
एक अक्तूबर से किसानों को रबी बीज देना शुरू कर दिया जाएगा। पंजीकरण के दौरान सभी किसान खतौनी की छायाप्रति, बैंक पासबुक की छायाप्रति और पहचान पत्र के लिए आधारकार्ड, या राशनकार्ड या वोटर आईडी कार्ड अथवा पासपोर्ट में से कोई एक की छाया प्रति लगाना अनिवार्य है।