रेहरा बाजार क्षेत्र के सहकारी साधन समितियों पर पिछले एक माह से यूरिया गायब है। साधन सहकारी समिति बूधीपुर में यूरिया की उपलब्धता न होने से आक्रोशित किसानों ने सोमवार को जमकर हंगामा काटा।
शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों ने घंटो प्रदर्शन किया। किसानों ने डीएम से क्षेत्र के सभी साधन सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध कराए जाने की मांग भी की।
रेहरा बाजार विकास खंड अंतर्गत सहकारी साधन समिति बूधीपुर के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय किसान विजय कुमार मौर्य, बालकराम, ज्ञानचंद्र शर्मा, शाहिद रजा, अमीर अली, अयोध्या प्रसाद, श्याम नरायन आदि ने क्षेत्र में यूरिया की अनुपलब्धता को लेकर शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इन लोगों का कहना है कि क्षेत्र के मुबारकपुर, सादुल्लाहनगर, सलेमपुर, बैरिया सुर्जनपुर, नयानगर कुशमौरा, अल्लाउद्दीनपुर, मनुआगढ़ में पिछले एक माह से यूरिया गायब है। सहकारी समितियों पर यूरिया न होने का फायदा उर्वरक विक्रेता उठा रहे हैं।
किसानों को 348 रुपये मूल्य वाली नीम कोटेड यूरिया 460 रुपये से लेकर 480 रुपये में बेंची जा रही है। धान की टॉप ड्रेसिंग के लिए किसानों को महंगे दाम पर यूरिया खरीदने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
जिले में पर्याप्त यूरिया उपलब्ध होने का दावा करने वाले विभागीय अधिकारी यूरिया की कालाबाजारी रोकने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। किसानो का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा यूरिया की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगा दी जाए तो किसानों की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। इन लोगों ने डीएम से मांग किया है कि क्षेत्र के सभी साधन सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध कराया जाए।