झंझरी। कोतवाली देहात के तुर्काडीहा गांव में शुक्रवार सुबह होलिकाहा तालाब में किसान दयाशंकर मिश्र (58)का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुत्र अपूर्व मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे उनके पिता शौच के लिए घर से निकले थे। आशंका है कि तालाब के पास पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह परिजनों ने उन्हें बिस्तर पर नहीं पाया तो तलाश शुरू की।
इसी दौरान गांव के लोगों ने तालाब में शव उतराने की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली देहात पुलिस को मौके पर भेजकर शव तालाब से बाहर निकलवाया गया है। पुलिस टीम परिजनों से जानकारी ले रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।