कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते सरदार सेना के कार्यकर्ता। - संवाद
गोंडा। कुंदुरखी चीनी मिल से बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई और खेती के लिए खाद-बीज खरीदने के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है। भुगतान की मांग को लेकर सरदार सेना की जिला इकाई ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संगठन का आरोप है कि पिछले पेराई सत्र में मिल की ओर से किसानों को सिर्फ 24 दिसंबर 2025 तक के गन्ने का भुगतान किया गया है। इसके बाद का बकाया अभी तक नहीं मिला है। सरदार सेना के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश वर्मा ने 16 दिन के भीतर किसानों का पूरा बकाया भुगतान कराने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि तय अवधि में भुगतान नहीं होने पर संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा। संगठन ने आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की भी मांग की है। कहा कि चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इस दौरान बृजेश वर्मा, हरीराम, दशरथ लाल वर्मा, दीनानाथ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।