गोंडा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ मार्ग पर पचमढ़ी गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। क्षेत्र के चतरौली गांव निवासी किसान अनिल कुमार (45) के बेटे का आठ अक्तूबर को मुंडन संस्कार होना था। इसके लिए बृहस्पतिवार को वह निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। दोपहर करीब दो बजे गोंडा-लखनऊ मार्ग पर पचमढ़ी गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने अनिल की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। भंभुआ चौकी प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि अनिल ने हेलमेट नहीं पहन रखी थी। जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।