गोंडा। किसानों की खतौनी को डिजिटल कर उन्हें विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ देने के लिए शुरू हुई फार्मर रजिस्ट्री की रफ्तार बहुत ही धीमी है। इससे जिले के 4.50 लाख किसानों की किसान सम्मान निधि फंस सकती है।
जनवरी में 4.72 लाख किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त भेजी जानी है, लेकिन इसके लिए लाभार्थियों को फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। जबकि अभी तक मात्र 21 हजार किसानों की रजिस्ट्री ही हो सकी है। उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो सकी है, उनके खाते में किस्त नहीं जाएगी। किसान वेब पोर्टल https://upfr.agristack.gov.in एवं मोबाइल एप फार्मर रजिस्ट्री यूपी के माध्यम से खुद भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने आधार कार्ड, उससे लिंक मोबाइल नंबर व जमीन की खतौनी के साथ जन सुविधा केंद्र जाकर भी फार्मर रजिस्ट्री में नाम दर्ज करा सकते हैं। हल्का लेखपाल, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक व कृषि विभाग के अधिकारी ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आधार कार्ड से खतौनी जोड़ रहे हैं। (संवाद)